सुबह-सुबह चली गोलियां
गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विजेता एल्विश यादव के घर के बाहर रविवार सुबह तड़के फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई, जब तीन अज्ञात हमलावर बाइक से आए और गोलियां बरसाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दो बदमाशों ने मिलकर करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की।

घटना के समय एल्विश यादव घर पर नहीं थे
फायरिंग के दौरान एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस का कहना है कि वे हरियाणा से बाहर किसी काम से गए हुए थे। उस समय उनके घर पर परिवार के कुछ सदस्य और देखरेख करने वाला स्टाफ मौजूद था, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई।
निशाना बना मकान का निचला हिस्सा
हमलावरों ने घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर फायरिंग की। जबकि एल्विश यादव आमतौर पर दूसरे और तीसरे माले पर रहते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का मुआयना किया और गोलियों के निशान, टूटी खिड़कियां और क्षतिग्रस्त छत जैसी चीज़ों के सबूत जुटाए। आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी
इस फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर लेते हुए कहा कि एल्विश यादव जुए (गैम्बलिंग) को बढ़ावा देते हैं। गैंग ने यह भी धमकी दी कि जो भी ऐसे काम करेगा, उसे “कॉल या गोली” के लिए तैयार रहना चाहिए। सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग ने हथियारों की तस्वीरें भी साझा कीं। हालांकि इन पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
एल्विश यादव के पिता का बयान
एल्विश के पिता रामावतार यादव ने बताया कि घटना के समय वे सो रहे थे। उन्होंने कहा – “करीब 25-30 गोलियां चलाई गईं। तीन लोग बाइक पर आए, जिनमें से दो को गेट पर CCTV में देखा गया है। एल्विश को अब तक कोई धमकी नहीं मिली है।” उन्होंने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि प्रशासन मामले को गंभीरता से देख रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि घटना में एक दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। फिलहाल सबूत जुटाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई परिवार द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि “हमलावर तीन लोग थे, जो बाइक से आए और फायरिंग कर फरार हो गए।”
गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा मामला
इससे पहले भी गुरुग्राम में अपराध जगत से जुड़े ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में हरियाणवी गायक और रैपर फज़िलपुरिया की कार पर हमला हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इससे कुछ दिन पहले उनके करीबी साथी रोहित शौकीन की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी। ऐसे में पुलिस इस फायरिंग को भी गैंगवार की कड़ी के रूप में देख रही है।